देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज शासकीय आवास पर अन्तर्राष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट कर विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ (The Beatles) पर आधारित अंतर्राष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग उत्तराखण्ड में किए जाने के संबंध में चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी नैसर्गिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत तथा विविध शूटिंग लोकेशन के कारण देश के प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित हो चुका है। हमारा प्रयास उत्तराखण्ड में देश-विदेश की अधिक से अधिक फिल्म परियोजनाओं को आकर्षित करना है, ताकि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों एवं युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।

