सरकार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत श्रमिकों के सर्वांगीण कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है:” मुख्यमंत्री

Share

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शासकीय आवास से उत्तराखण्ड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण हेतु विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत आर्थिक सहायता धनराशि का डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरण किया। इस अवसर पर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 4,400 श्रमिकों एवं उनके आश्रितों को लगभग ₹11 करोड़ की आर्थिक सहायता राशि वितरित की गई।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में शिविर भी आयोजित किए जाएं जिससे अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार श्रमिकों को राज्य की विकास यात्रा का सशक्त आधार मानते हुए उनके सर्वांगीण कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। श्रमिकों एवं उनके परिवारों की सुरक्षा तथा सामाजिक संरक्षण सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं त्वरित रूप से उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि उनके जीवन स्तर में सुधार के साथ उन्हें सम्मानजनक और सुरक्षित भविष्य मिल सके।