देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज कैम्प कार्यालय में उत्तराखण्ड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड की बैठक में अधिकारियों के साथ कृषि एवं उद्यान क्षेत्र की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्य के प्रत्येक विकासखण्ड से एक-एक गांव का चयन कर उसे आदर्श कृषि एवं उद्यान गांव के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, जलवायु और भूमि की गुणवत्ता के अनुसार उपयुक्त फलों, सब्जियों एवं अन्य कृषि उत्पादों की पहचान कर योजनाबद्ध कार्य किया जाए। किसानों की आय बढ़ाने, खेती की लागत कम करने तथा कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए तीन वर्षीय विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए।
