मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रदेश में चल रहे सत्यापन अभियान में भी तेजी लाने के दिए निर्देश

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शासकीय आवास पर बैठक के दौरान उच्चाधिकारियों को प्रदेश में अध्यस्त पाकिस्तानी नागरिकों का चिन्हीकरण कर उनको तत्काल प्रभाव से वापस भेजने की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कूटरचित अभिलेखों के आधार पर सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे लोगों के चिन्हीकरण में भी तेजी लाते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रदेश में चल रहे सत्यापन अभियान में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि किराएदारों का सत्यापन न कराने वाले लोगों पर अर्थदंड लगाया जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पहलगाम में हुए आतंकी हमले को देखते हुए चारधाम यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने हेतु निर्देशित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा मार्ग पर यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो उसे तुरंत हिरासत में लिया जाए। साथ ही, इस संबंध में आम जनता को भी जागरूक किया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी के लिए टोलफ्री नंबर जारी करने के भी निर्देश दिए हैं।