यमुनोत्री और गंगोत्री धाम की यात्रा सुचारू और सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है।

देहरादून: यमुनोत्री और गंगोत्री धाम की यात्रा सुचारू और सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है। यात्रा के सत्रह दिनों के भीतर धामों में पहुंचने वाले यात्रियों की तादाद पिछले साल की तुलना में इस बार गंगोत्री धाम में 39.55 प्रतिशत तथा यमुनोत्री धाम में 48.84 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में इस यात्रा काल में सत्रह दिनों के भीतर कुल 4,08,837 यात्री पहुंचे हैं। गंगोत्री धाम में इस बार 2,00,193 यात्री पहुंचे हैं। इस प्रकार गंगोत्री में इस बार 79186 यात्री ज्यादा आये हैं। यमुनोत्री धाम में इस बार 2,08,644 यात्री पहुंचे। दोनों धामों में इस बार वाहनों के आवागमन में भी भारी वृद्धि दर्ज की गई है। शुरुआती सत्रह दिनों में गंगोत्री में इस बार 18,030 तथा बीते साल 10,883 वाहन आये थे। जबकि यमुनोत्री में इस बार 17,036 तथा बीते साल 9,131 वाहन यात्राकाल के प्रारंभिक सत्रह दिनों में आये थे। जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट निरंतर यात्रा व्यवस्थाओं की बारीकी से निगरानी और स्थलीय निरीक्षण में जुटे हुए हैं। यात्रा संचालन को सुव्यवस्थित बनाने हेतु प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं और धामों के साथ ही यात्रा मार्गों पर बड़ी संख्या में अधिकारियों को तैनात किया गया है।

LEAVE A REPLY