देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज राज्य के समस्त जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश में संचालित विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, आपदा प्रबंधन की तैयारियों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दृष्टिगत सभी सड़कों को शीघ्र गड्ढामुक्त बनाया जाए, संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रेनेज सिस्टम को सुदृढ़ किया जाए तथा भूस्खलन एवं जलभराव संभावित स्थानों पर पहले से ही तैयारी सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अतिक्रमण पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत बनाया जाए। साथ ही मुख्यमंत्री ने संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए वेरिफिकेशन ड्राइव में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।
