उत्तराखण्ड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर झनकईया, खटीमा (ऊधम सिंह नगर) में माँ शारदा के पवित्र तट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर गंगा स्नान मेले का शुभारंभ किया एवं समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मेले में पहुंचकर जलेबी और सिंघाड़े की खरीदारी भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मेले से बचपन की अनगिनत यादें जुड़ी हैं। बचपन में सालभर इस मेले का इंतजार रहता था। मेले की रौनक, यहां की चहल-पहल, जलेबी और सिंघाड़े का स्वाद और अपनों के साथ बिताए वे पल आज भी मन में बसे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे मेले, त्योहार, लोककला और लोकसंस्कृति हमारी गौरवशाली विरासत के अभिन्न अंग हैं। ये केवल उत्सव नहीं, बल्कि हमारी पहचान और हमारी जड़ों से जुड़ने का माध्यम हैं। इस विरासत को संजोकर भावी पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
