उत्तराखण्ड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज जनपद नैनीताल में भ्रमण के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी चोरगलिया पहुंचे। जहां हेलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक लालकुआं डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती दीपा दरमवाल, दायित्वधारियों, डीएम ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा उनका स्वागत किया गया।
जनपद नैनीताल में भ्रमण के दौरान जनता व जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं सुनी CM धामी ने
मुख्यमंत्री ने जनता व जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी व जनसमस्याएं सुनी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह समस्याओं का त्वरित समाधान करें। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए जनता की समस्याओं का शीघ्रता से समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि छोटी – छोटी समस्याओं के लिए किसी को भी बार-बार चक्कर न लगाना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखें।
तत्पश्चात मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी- चोरगलिया-सितारगंज मार्ग में शेर नाला में ₹993 लाख की लागत से नवनिर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी पुल का लोकार्पण किया।
यहां बता दें कि शेर नाला के उफान पर आने से मानसून सीजन में क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। आवागमन बाधित होने के वजह से क्षेत्रीय जनता लंबी दूरी तय कर गंतव्य तक पहुंचती थी। ऐसे में नवनिर्मित पुल के निर्माण से क्षेत्रीय जनता के साथ -साथ पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी। पुल निर्माण होने पर क्षेत्र के लोगों ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
इस अवसर पर राज्य सभा सांसद महेंद्र भट्ट, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी आदि मौजूद रहे।
