उत्तराखण्ड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम आर्यनगर (श्यामपुर कांगड़ी) में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत आयोजित मुख्य सेवक की चौपाल कार्यक्रम में पहुंचकर क्षेत्र के ग्राम प्रधानों एवं स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को सुना और बड़ी संख्या में उपस्थित देवतुल्य जनता को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी समस्याओं का मौके पर ही त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का संकल्प है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े बल्कि प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचे। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत बीते डेढ़ माह में प्रदेश भर में 5 लाख से अधिक नागरिक लाभान्वित हो चुके हैं, जो इस पहल की प्रभावशीलता और जनविश्वास का स्पष्ट प्रमाण है।
