उत्तराखण्ड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम में सहभागिता कर देवतुल्य जनता को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ओर हमारी डबल इंजन सरकार उत्तराखंड को विकास, सुशासन और समृद्धि की राह पर आगे बढ़ाने के लिए दिन-रात काम कर रही है, वहीं कांग्रेस न्याय यात्रा के नाम पर प्रदेश में भ्रम, अराजकता और अव्यवस्था फैलाने की कोशिश कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में न्याय यात्रा निकालने से पहले कांग्रेस को अपने शासनकाल के भ्रष्टाचार, घोटालों और जनविरोधी कार्यों का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। अंकिता बहन के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंकने वाली कांग्रेस को यह नहीं भूलना चाहिए कि किसी पीड़ित परिवार का दर्द, राजनीतिक स्वार्थ पूरा करने का माध्यम नहीं हो सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि SIR जैसी संवैधानिक प्रक्रिया पर बेबुनियाद भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करना और बांगलादेश की तर्ज पर अव्यवस्था का माहौल बनाने की कोशिश लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है। कांग्रेस को समझना होगा कि उत्तराखंड की जनता को विभाजनकारी सोच और अराजकता नहीं, बल्कि विकास, रोजगार, सुशासन और प्रदेश का उज्ज्वल भविष्य चाहिए।
