देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे पर आज देर सायं दिल्ली से देहरादून तक की यात्रा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक, विश्वस्तरीय निर्माण गुणवत्ता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण के साथ विकसित यह परियोजना देश की आधारभूत संरचना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का सशक्त प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब दिल्ली से देहरादून की दूरी सिमटकर मात्र ढाई घंटे रह गई है, जिससे आवागमन न केवल सुगम हुआ है बल्कि समय और संसाधनों की भी बचत हो रही है। यह एक्सप्रेसवे व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को नई गति प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मार्ग पर निर्मित एशिया के सबसे बड़े एलिवेटेड वन्यजीव कॉरिडोर सहित आधुनिक सुविधाएं विकास और प्रकृति के संतुलन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करती हैं।
