मानसून से बदरी-केदार यात्रा की रफ्तार हुई धीमी, प्रतिदिन दर्शनार्थियों की संख्या में कमी दर्ज

Share

मानसून के सक्रिय होते ही चारधाम यात्रा की रफ्तार भी थम सी गई है। पिछले एक सप्ताह से केदारनाथ में प्रतिदिन दर्शनार्थियों की संख्या में कमी दर्ज की जा रही है। यात्रा कम होने से केदारघाटी के बाजारों, पड़ाव और केदारपुरी में व्यवसायिक गतिविधियां भी व्यापक रूप से प्रभावित हो गई है।इस वर्ष मई माह में केदारनाथ धाम 6 लाख 96 हजार 934 श्रद्धालु पहुंचे। जून महीने में 6 लाख 18 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। मानसून के सक्रिय होने से रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे और गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग बाधित होने से यात्रा प्रभावित हो रही है। जुलाई माह के नौ दिनों के दौरान 27 हजार 280 श्रद्धालु ही केदारनाथ पहुंचे हैं। बुधवार को धाम में सिर्फ 1165 भक्तों ने ही दर्शन किए थे, जो सबसे कम संख्या है।दूसरी तरफ यात्रा की रफ्तार थमने से कारोबार पर भी असर पड़ा है। केदारनाथ में कैंटीन संचालक राकेश नेगी ने बताया कि यात्रा में कमी आने से कारोबार ठप सा हो गया है।वहीं, गढ़वाल मंडल विकास निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक गिरवीर सिंह रावत ने बताया कि यात्रा कम होने से प्रतिदिन कई बुकिंग रद्द हो रही हैं। बीकेटीसी के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी युदवीर पुष्पवाण ने बताया कि जून तीसरे सप्ताह से यात्रा में कमी आने लगी थी। इन दिनों प्रतिदिन डेढ़ से दो हजार यात्री ही धाम पहुंच रहे हैं।