उत्तराखण्ड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज खटीमा, ऊधम सिंह नगर में आयोजित ‘युवा समकालिक संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करते हुए ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ सहित शिक्षा, रोजगार, नवाचार, स्वरोजगार और प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने युवाओं के सवालों और जिज्ञासाओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा उनका समाधान देते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युवा केवल अपने भविष्य के बारे में नहीं बल्कि अपने प्रदेश के भविष्य को लेकर भी सजग और संकल्पित है। उनके सपनों को दिशा देना, उनकी प्रतिभा को अवसर देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के सामर्थ्य को प्रदेश की प्रगति से जोड़ते हुए सरकार शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर नए अवसर सृजित कर रही है।
