हमारा प्रदेश तेजी से देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होने की ओर बढ़ रहा है: मुख्यमंत्री

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय, देहरादून में नीति आयोग की बैठक में माननीय उपाध्यक्ष सुमन बेरी जी एवं अन्य सम्मानित सदस्यों के साथ प्रदेश के विकास से सम्बंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने NITI Aayog के अधिकारियों से प्रदेश में बड़ी संख्या में आने वाले पर्यटकों व श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए नीतियों का निर्माण करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा प्रदेश तेजी से देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होने की ओर बढ़ रहा है, इसी वर्ष SDG इंडेक्स में उत्तराखण्ड को नंबर वन स्थान मिला है लेकिन अभी भी कई सेक्टर में हमें और बेहतर कार्य करने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि  हम ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य में प्रभावी भागीदारी हेतु इकोलॉजी और इकोनॉमी का समन्वय बिठाते हुए ऊर्जा, विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी एवं औद्योगीकरण पर विशेष फोकस करते हुए कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार पलायन, वनाग्नि व आपदा प्रबंधन और महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ध्यान केंद्रित करते हुए नीतियों और योजनाओं पर काम कर रही है। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में हमारी डबल इंजन सरकार ‘विकसित उत्तराखण्ड’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है।